Advertisements
Spread the love

पीड़िता का बेटा ही निकला साजिशकर्ता, 48 घंटे में पुलिस ने किया पर्दाफाश

Advertisements

चाण्डिल : सरायकेला–खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में चर्चित चोरी की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि चोरी की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि पीड़िता सनी बेगम के अपने ही पुत्र ने रची थी।

जानकारी के अनुसार, कपाली ओपी क्षेत्र के गोश्त नगर फुटबॉल मैदान के समीप रहने वाली सनी बेगम बीते दिनों बंगाल के काटाड़ीह में चांद सह बाबा के उर्स मुबारक में शामिल होने के लिए सुन्न बेगम अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला बंद कर गई थीं। इसी दौरान घर की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़कर नकदी समेत कीमती सामानों की चोरी कर ली।

घर लौटने पर चोरी की जानकारी मिलने के बाद सुन्न बेगम ने कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि चोरी की पूरी साजिश पीड़िता के बेटे रियाज शेख ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी।

पुलिस ने इस मामले में जाशीर अंसारी उर्फ जागीर बच्चा को ताजनगर रोड कमलापुर थाना क्षेत्र से एक बस से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि चोरी की योजना रियाज शेख ने बनाई थी और उसी के साथ मिलकर ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के बाद उसे नशा कराया गया और फिर काले रंग की मोटरसाइकिल से बंगाल की ओर ले जाया गया।

गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में अवर निरीक्षक हीरालाल टुडू के नेतृत्व में टाइगर मोबाइल के जवानों की अहम भूमिका रही।

वहीं कपाली ओपी प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी बंगाल के बलरामपुर पहुंच गया था। लोकेशन ट्रैक कर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस से सवार आरोपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपी रियाज शेख की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है और उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You missed