
राष्ट्रीय लोक अदालत में ऑन द स्पॉट निष्पादित किए गए कुल 3900 मामले…
सरायकेला:संजय मिश्रा

सरायकेला। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर, सरायकेला और अनुमंडल व्यवहार न्यायालय, चांडिल में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में लोग सम्मिलित हुए। समाचार लिखे जाने तक सरायकेला और चांडिल में गठित कुल नौ पीठों में न्यायालय में लंबित करीब छः सौ तेइस (623) मामलों का निष्पादन किया गया। तथा प्री लिटिगेशन के करीब तीन हज़ार दो सौ छिहत्तर (3276) मिलाकर तकरीबन तीन हज़ार नौ सौ (3900) मामले निष्पादित किए गए।

जिसमें करीब 84,58,523 रुपये सरकारी राजस्व की भी प्राप्ति हुई। निष्पादन होने योग्य मामलों में बैंक के मामले, एक्साइज एक्ट के मामले, बिजली विभाग के मामले तथा अपराधिक सुलहनीय तथा अन्य प्रकृति के मामले का निष्पादन किया गया। ज़िले के साढ़े ग्यारह हज़ार से अधिक लाभुकों को चिंहित कर करीब साढ़े चौतीस करोड़ उनतीस लाख की परिसंपत्ति का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय, उप विकास आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला जज प्रथम, जिला जज द्वितीय, जिला जज तृतीय, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा सचिव ने दीप प्रज्वलन करके किया।
इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिवक्तागण के साथ व्यवहार न्यायालय के अन्य न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार ने इस अवसर पर सभी विभागों के लगे स्टॉल्स का निरीक्षण किया और बड़ी संख्या में लोगों से सम्मिलित होने की बात कही जिससे लोग लाभान्वित हो सके।कार्यक्रम के समाप्ति पर उन्होंने कहा कि आज के राष्ट्रीय लोक अदालत में अब तक के सर्वाधिक कोर्ट मामलों का निष्पादन किया गया है। और उन्होनें उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

