Advertisements
Spread the love

सावन की पहली सोमवारी पर हर हर महादेव के जयकारे से गूंजे शिवालय; शिवमय बना सरायकेला…

सरायकेला:संजय मिश्रा

Advertisements

सरायकेला। पवित्र श्रावण महीना की पहली सोमवारी के अवसर पर शिव भक्तों के कदम शिवालयों की ओर चल पड़े। इस अवसर पर सरायकेला एवं सीनी सहित आसपास के सभी शिवालयों में शिव भक्तों का तांता लगा रहा। मौके पर सभी ने भगवान भोलेनाथ की आराधना करते हुए शिवलिंग का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर सुख शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की। मौके पर कई शिव भक्तों द्वारा सोमवारी व्रत का पालन करते हुए उपवास व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की गई। और कई शिव भक्तों द्वारा रुद्राभिषेक भी किया गया।

इसके तहत सरायकेला के कूदरसाई स्थित बाबा बुद्धेश्वर महादेव शिव मंदिर, माजना घाट स्थित बाबा पंचमुखी महादेव शिव मंदिर, हंसाहुड़ी स्थित शिव मंदिर, गुदड़ी मार्केट स्थित प्राचीन शिवालय, गेस्ट हाउस स्थित महादेव बाबा शिव मंदिर, भुरकुली गांव स्थित बाबा विश्वनाथ शिव मंदिर, मानिकबाजार गांव स्थित बाबा महाकालेश्वर शिव मंदिर, विजयतरण गांव स्थित प्राचीन शिवालय एवं सरायकेला के इंद्रटांडी स्थित बाबा बामदेव शिव मंदिर में शिव भक्तों द्वारा विशेष रूप से भगवान भोलेनाथ की श्रावण सोमवारी पूजा की गई।

देर शाम सरायकेला के कूदरसाई स्थित बाबा बुद्धेश्वर भोलेनाथ शिव मंदिर एवं इंद्रटांडी स्थित बाबा बामदेव भोलेनाथ शिव मंदिर में विशेष भजन एवं संध्या आरती के साथ भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया।