Advertisements
Spread the love

शादी समारोह से लौटे परिवार ने देखा बिखरा पड़ा था पूरा घर, पहले मिली धमकी के बाद परिचित लोगों पर जताया शक।

Advertisements

दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता

दुमका । दुमका के नगर थाना क्षेत्र स्थित खुटाबाँध मोहल्ले में एक बंद घर में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़िता चमेली टुडू ने नगर थाना में दिए आवेदन में बताया कि 15 मई 2026 की संध्या करीब 5 बजे वह अपने पूरे परिवार के साथ बहाटोला स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। रात करीब 9 बजे जब परिवार वापस घर लौटा तो घर के पीछे की खिड़की टूटी और उखड़ी हुई मिली।

घर के अंदर प्रवेश करते ही परिवार के होश उड़ गए। कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और रसोईघर से स्टील गैस स्टोव, कासा के बर्तन, लोटा, गिलास और घड़ा समेत कई कीमती सामान गायब थे। इसके अलावा चोर इन्वर्टर, बैटरी, सोलर लाइट तथा बिजली का स्टैंड पंखा भी अपने साथ ले गए। चोरी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पीड़िता ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि कुछ दिन पूर्व ग्राम गोलपुर निवासी बिनीलाल टुडू और उसके साथियों ने उनके परिवार को “बर्बाद कर देने” की धमकी दी थी। घटना के बाद पीड़िता ने उन्हीं लोगों पर शक जताया है। मामले को लेकर नगर थाना पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।