
डालसा का एनएलयू के सहयोग से सामुदायिक विधिक जागरूकता कार्यक्रम

Arjun Kumar Pramanik………✍️
रांची । जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के मार्गदर्शन में तथा डालसा सचिव की देखरेख में कांके प्रखंड अंतर्गत सुकुरहुटू दक्षिणी पंचायत के सभागार में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामुदायिक जुड़ाव-सह-कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चीफ एलएडीसी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि सुकुरहुटू दक्षिणी पंचायत की मुखिया अनीता देवी, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से विधि के छात्र अमन आयुष एवं उनकी टीम, पीएलवी राजेंद्र महतो, शारदा देवी, मालती देवी, सरिता देवी, बबीता कुमारी, भानु देवी, देवंती देवी, भारती शाहदेव तथा राजा वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चीफ एलएडीसी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य लोगों के बीच कानूनी जागरूकता बढ़ाना और न्याय तक पहुंच की पहलों में सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि पीएलवी, एनजीओ सहित समाज के सभी वर्गों की भूमिका को सुदृढ़ कर जरूरतमंदों को न्याय दिलाना तथा लोगों को उनके अधिकारों और हक की जानकारी देना आवश्यक है। साथ ही वंचित वर्गों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना भी डालसा का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम के दौरान डालसा की टीम द्वारा दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, बालिकाओं एवं महिलाओं के अधिकार, स्वास्थ्य, रोजगार एवं स्वावलंबन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस अवसर पर नालसा के टॉल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।
नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के विधि छात्र अमन आयुष ने सहिया कार्यकर्ताओं को सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली योजनाओं एवं लाभों की जानकारी दी तथा बताया कि जिन लाभों से वे वंचित हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची एवं एनयूएसआरएल के लीगल-एड-क्लिनिक के संयुक्त प्रयास से दिलाने का प्रयास किया जाएगा। अंत में आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी गई। चीफ एलएडीसी ने बताया कि लोक अदालत वादों के निःशुल्क निस्तारण का सशक्त माध्यम है। राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक सुलहनीय मामले, दीवानी वाद, श्रम विवाद, वैवाहिक एवं पारिवारिक वाद, उत्पाद एवं चेक बाउंस के मामले, वन विभाग, बिजली, ट्रैफिक चालान, भूमि अधिग्रहण, मोटरयान, माप-तौल तथा विवाह से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान डालसा के पीएलवी द्वारा उपस्थित लोगों के बीच पंपलेट एवं लीफलेट का वितरण भी किया गया।

