Advertisements
Spread the love

झीलुवा गांव में एक माह से चापाकल खराब, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण; महिलाओं ने खाली बाल्टी लेकर किया विरोध प्रदर्शन

Advertisements

 

दुमका संवाददाता, मौसम गुप्ता

 

दुमका : मसलिया प्रखंड के रांगा पंचायत अंतर्गत झीलुवा गांव स्थित लक्खी मंदिर के समीप लगा चापाकल पिछले एक महीने से खराब पड़ा हुआ है। इसके कारण गांव के करीब 20 घरों की लगभग सौ की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। गर्मी की शुरुआत भी ठीक से नहीं हुई है, लेकिन अभी से पानी की समस्या गहराने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले दुमका के एक संवेदक द्वारा पाइपलाइन बिछाकर पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वह योजना एक वर्ष भी ठीक से नहीं चल सकी। इसके बाद लोग फिर से चापाकल पर ही निर्भर हो गए। अब जब चापाकल भी खराब हो गया है तो ग्रामीणों के सामने पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि चापाकल की मरम्मत के लिए कई बार मिस्त्री को बुलाया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे ग्रामीण लाचार और विवश होकर दूसरे जगहों से पानी लाने को मजबूर हैं। रविवार को झीलुवा गांव के लक्खी मंदिर के पास ग्रामीण महिलाओं ने हाथों में खाली बाल्टी लेकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से अविलंब पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था कराने की मांग की। विरोध प्रदर्शन में सुरुजमुनी टुडू, सुरुजमुनी सोरेन, सुमी मरांडी, सेंजलि सोरेन, गायत्री मरांडी, सुसानी टुडू, दुल्हन बास्की सहित कई ग्रामीण महिलाएं मौजूद थीं। इस संबंध में रांगा पंचायत की मुखिया चिंतामुनी हांसदा से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि इस वर्ष चापाकल मरम्मत का कार्य मुखिया के बजाय गांव की जल सहिया को दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल बाहर हैं, लेकिन सोमवार को गांव जाकर चापाकल को ठीक करवाने का प्रयास करेंगी।