
झालसा-डालसा के निर्देश पर नामकुम में विशेष आधार नामांकन शिविर, निराश्रित बच्चों के जीवन को मिलेगी नई दिशा


रांची/नामकुम (ब्यूरो रिपोर्ट)। सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के आलोक में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची के तत्वावधान में नामकुम प्रखंड कार्यालय परिसर में विशेष आधार नामांकन शिविर का आयोजन किया गया है। इस अभियान की पहल डालसा के सचिव एवं न्यायिक पदाधिकारी रवि कुमार भास्कर के निर्देश पर की गई है। शिविर के आयोजन में नामकुम की PLV (पैरा लीगल वॉलंटियर) लता कुमारी का विशेष योगदान रहा। साथ ही प्रीति कुमारी, युधिष्ठिर महतो और बिनोद कच्छप सहित अन्य पैरालीगल वॉलंटियर्स की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही। PLV लता कुमारी ने बताया, “यह पूरी प्रक्रिया विगत दो माह से चल रही है। कोर्ट के निर्देश पर सबसे पहले बीडीओ और सीडीपीओ को आदेश जारी हुआ। इसके बाद हम PLV और आंगनबाड़ी सेविकाओं की मदद से ऐसे बच्चों की पहचान कर सूची बनाई गई। यह सूची बीडीओ द्वारा उपायुक्त (DC) महोदय को भेजी गई और वहां से डालसा को सौंपी गई। फिर कोर्ट से उपायुक्त को निर्देश जारी हुए और उपायुक्त महोदय ने सभी प्रखंडों के बीडीओ और सीडीपीओ को शिविर आयोजित करने का आदेश दिया। तभी यह आधार नामांकन शिविर संभव हो सका। यह सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारा सामाजिक दायित्व है ताकि इन बच्चों का भविष्य संवारा जा सके और उन्हें उनका हक़ मिल सके।” शिविर 28 जुलाई से प्रारंभ होकर 31 जुलाई 2025 तक चलेगा। इसका उद्देश्य अनाथ, निराश्रित, एकल अभिभावक वाले तथा स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर रहने वाले बच्चों को आधार कार्ड से जोड़कर उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करना है। शिविर के सफल संचालन में नामकुम के बीडीओ विजय कुमार का प्रशासनिक सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। यह पहल बच्चों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने और उनके अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक सशक्त कदम है।

