
मुखिया-पंचायत सचिव ने लिया तूफान से क्षतिग्रस्त घर का जायजा, पीड़ित को प्रदान की राहत सामग्री

पीड़ित प्रेमचंद मुर्मू को दिया आवास योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन
दुमका संवाददाता- मौसम गुप्ता
दुमका : मसलिया प्रखंड के कठलिया पंचायत अंतर्गत सितुम टोला में हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान ने एक गरीब परिवार को भारी नुकसान पहुंचाया। तूफान के दौरान ताड़ का पेड़ गिरने से प्रेमचंद मुर्मू का कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उनका परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया।
गुरुवार को पंचायत की मुखिया बिंदुशीला मरांडी एवं पंचायत सचिव प्रमोद मुर्मू ने पीड़ित के घर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिवार की समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल राहत सामग्री प्रदान की, जिसमें आवश्यक खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल थीं। मुखिया बिंदुशीला मरांडी ने आश्वासन दिया कि प्रेमचंद मुर्मू को जल्द ही सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित का नाम प्राथमिकता के आधार पर ‘अबुआ आवास’ या प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पंचायत सचिव प्रमोद मुर्मू ने भी भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव मदद करेगा ताकि पीड़ित परिवार को जल्द स्थायी आवास मिल सके। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति में लोगों को समय पर सहायता मिल सके।

