
हमलावर फरार, गम्हरिया थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
गम्हरिया (सरायकेला) । गम्हरिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव में आदिवासी नेता सुखराम टुडू पर बीती रात जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल टुडू को प्राथमिक उपचार के बाद गंगोत्री अस्पताल से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) जमशेदपुर रेफर किया गया, जहां वे आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना को लेकर पीड़ित की पत्नी बांगी टुडू ने गम्हरिया थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने बताया कि 27 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे उनके पति जब सामाजिक कार्य से लौट रहे थे, तभी उन्होंने बाहर से “बचाओ-बचाओ” की आवाज सुनी। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि गांव का ही सुजीत घोष (पिता – स्व. तारापद घोष) उनके पति पर चाकू से बार-बार हमला कर रहा था और कह रहा था – “तुम जंगली आदिवासी नेता बनते हो, अब खत्म कर रहा हूं।”
बांगी टुडू के अनुसार, उन्हें देखते ही हमलावर घायल टुडू को छोड़कर दो अज्ञात साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के समय आस-पास मौजूद दो अन्य लोगों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शोर सुनकर पीड़ित के चाचा उदय टुडू मौके पर पहुंचे और घायल को मोपेड से अस्पताल ले गए।
पीड़िता ने सुजीत घोष व उसके दो अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ हत्या की कोशिश की धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना से पूरे गांव में गहरा आक्रोश है। स्थानीय ग्रामीण इसे आदिवासी नेतृत्व और अधिकारों पर हमला मान रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

