Advertisements
Spread the love

बेखौफ अपराधी प्रशासन को दे रहे हैं खुले आम चुनौती

Advertisements

Arjun Kumar…..✍️

नामकुम(राँची) । टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के खेलगांव मार्ग स्थित गेल कंपनी के CNG पंप पर मंगलवार देर रात लगभग 2 बजकर 20 मिनट पर 6 हथियारबंद अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने पिस्टल और चाकू के बल पर कर्मचारियों को भयभीत कर नगदी और मोबाइल फोन लूट लिए।
घटना के संबंध में पंप कर्मचारी विकाश कुमार सिन्हा (सूर्यनगर, टाटीसिलवे) ने बताया कि घटना के समय वे अपने सहकर्मी ब्रज गोपाल (मूल निवासी आगरा, वर्तमान आदर्श नगर, टाटीसिलवे) एवं अजय गुप्ता (गाजीपुर, उत्तर प्रदेश, वर्तमान छोटा बाजार, टाटीसिलवे) के साथ बाहर मौजूद थे। तभी एक सफेद रंग की स्कूटी और काले रंग की पल्सर बाइक से 6 अपराधी वहां पहुंचे। अपराधियों में से 4 लोग पंप परिसर में घुस आए जबकि 2 बाहर निगरानी कर रहे थे। आते ही एक अपराधी ने ब्रज गोपाल के सीने पर पिस्टल सटा दी, जबकि अन्य ने विकाश कुमार सिन्हा और अजय गुप्ता के गर्दन पर चाकू रख दिया। इसके बाद अपराधियों ने जबरन तीनों कर्मचारियों से लगभग 12 हजार रुपये नगद लूट लिए। इसके अलावा अपराधियों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए, जिनमें विकाश कुमार सिन्हा का आईफोन, ब्रज गोपाल का ओप्पो फोन तथा अजय गुप्ता का वन प्लस फोन शामिल है। अपराधियों ने ऑफिस की चाबी भी मांगी, इंकार करने पर उन्होंने रिवॉल्वर के बट से शीशा तोड़ दिया और एक टूल बॉक्स लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना टाटीसिलवे पुलिस को दी गई, जिसके लगभग 15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में लिखित आवेदन थाना में दे दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और यह साफ संकेत देता है कि अपराधी अब बेखौफ होकर पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे हैं।

You missed