Advertisements
Spread the love

नामकुम में सेना और ग्रामीण फिर हुए आमने-सामने, रास्ता बंद होने की आशंका से बढ़ा आक्रोश

Advertisements

Arjun Kumar…✍️

नामकुम(राँची) ।  नामकुम स्थित कोचाटोली गांव में सोमवार को उस समय माहौल गर्म हो गया, जब जेएकेएलआई यूनिट की सेना द्वारा तार फेंसिंग के लिए गड्ढा खोदने का काम शुरू किया गया। ग्रामीणों को जैसे ही यह जानकारी मिली कि गांव के रास्ते और सिविल एरिया को तारबंदी कर घेरा जा सकता है, वैसे ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जिस रास्ते से लोग वर्षों से आना-जाना करते हैं, उसे बंद नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही गांव के स्कूल, तुम्बागुटू सरना स्थल, हड़गड़ी और अन्य धार्मिक-सामाजिक स्थलों को सेना क्षेत्र से बाहर रखने की मांग भी ग्रामीणों ने उठाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेएकेएलआई यूनिट के सीओ स्वयं मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों की सभी बातों को ध्यान से सुना और भरोसा दिलाया कि किसी भी ग्रामीण को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि गांव के रास्ते और स्कूल की घेराबंदी नहीं की जाएगी। बातचीत के दौरान बिहार रेजिमेंट के फैमिली क्वार्टर के सामने सड़क निर्माण कराने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। वहीं सरना स्थल और वहां से गुजरने वाले ग्रामीण रास्ते को लेकर अलग से बैठकर समाधान निकालने पर सहमति बनी। सेना अधिकारियों की सकारात्मक पहल और आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों ने भी उम्मीद जताई कि बाकी समस्याओं का समाधान आपसी सहमति और बातचीत से निकाला जाएगा। मौके पर ग्राम प्रधान राम अवतार केरकेट्टा, पूर्व जिला परिषद सदस्य आरती कुजूर, बबलू नायक, बिरांगी तिग्गा, गांगी लकड़ा, रजनी टोप्पो, यशवंत कुमार, नारायण साव, संतोष झा, सोनी बेक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।