
मानवता के लिए बढ़े कदम :आरकेएफएल प्लांट-8 में रक्तदान शिविर को मिला अभूतपूर्व समर्थन

रिपोर्टर: जगबंधु महतो
सरायकेला : सरायकेला जिले में रामकृष्णा फोर्जिंग लिमिटेड यानी आरकेएफएल प्लांट-8 में
आयोजित रक्तदान शिविर में कर्मचारियों और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कंपनी ने 150 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा था, लेकिन कर्मचारियों के उत्साह और सहभागिता से 180 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया गया। इस उपलब्धि को लेकर कंपनी प्रबंधन ने खुशी जताई है।
रामकृष्णा फाउंडेशन की ओर से आरकेएफएल प्लांट-8 स्थित एडमिन बिल्डिंग के स्किल सेंटर परिसर में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ शिविर शाम 4 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों, अधिकारियों और युवाओं ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
आरकेएफएल के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. हरिमोहन ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचा सकता है। पहली बार आयोजित शिविर में उम्मीद से अधिक रक्त संग्रह होना कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
वहीं प्लांट-8 के एचआर हेड नीरज सिन्हा ने कहा कि कंपनी समय-समय पर सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। उन्होंने कहा कि प्लांट-8 में पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर को कर्मचारियों ने ऐतिहासिक बना दिया।
शिविर को सफल बनाने में सुरक्षा प्रबंधक नवीन सिन्हा की विशेष भूमिका रही। कर्मचारियों को जागरूक करने और आयोजन को सफल बनाने में उनके योगदान की सराहना की गई। शिविर के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा और सभी आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई थीं।

