
शांतिपूर्ण संपन्न हुआ झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के सरायकेला-खरसावां जिला शाखा के सात पदों के लिए मतदान; देर रात नतीजे आने की संभावना…
संजय मिश्रा सरायकेला:

सरायकेला। झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के सरायकेला-खरसावां जिला शाखा के सात पदों के लिए हुआ मतदान रविवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। जिला में बनाये गये दो बूथ पुलिस लाईन सरायकेला में 510 व चांडिल अनुमंडल में 124 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान रविवार सुबह सात से ही शुरू हो गया जो शाम पांच बजे तक चला।
मुख्य चुनाव पदाधिकारी सत्यजीत कुमार, पर्यवेक्षक गुलाब चंद्र महतो एवं प्रदेश सहायक महामंत्री लालेश्वर राम के देखरेख में मतदान किया गया। रविवार को एक साथ सरायकेला पुलिस लाइन, चांडिल थाना, हजारीबाग स्थित पदमा ट्रेनिंग सेन्टर, मुसाबनी ट्रेनिंग सेन्टर, रांची जैप वन, रांची जैप कैम्प, जैप 10, नेतरहाट, साहेबगंज, देवघर, गोविन्दपुर में मतदान हुआ।
प्रत्येक मतदान केन्द्र में एक पदाधिकारी व चार जवान को तैनात रहे। मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक गुलाब चंद्र महतो ने बताया कि सरायकेला व चांडिल में बनाये गये बूथों में शांतिपूर्वक मतदान हो गया है। जिला के बाहर बनाये गये बूथों पर भी शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ।
मतदान के पश्चात मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। देर रात तक मतगणना जारी रहेगा। जिले के बाहर बनाए गए बूथों से भी मतपेटी को सरायकेला पुलिस लाइन मंगाया गया है ताकि वहां पड़े मतों की भी गिनती की जा सके। सरायकेला स्थित एसोसिएशन कार्यालय में सात पदों के लिए नामांकन किया गया था।
जिसमें अध्यक्ष पद के लिए तीन, उपाध्यक्ष पद के लिए तीन सचिव पद के लिए चार, संयुक्त सचिव पद के लिए तीन, केंद्रीय सदस्य के लिए तीन, अंकेक्षक के लिए चार व 60 डेलिगेट प्रतिनिधि के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन किया था।
मतदान के दौरान अपने-अपने समर्थकों को प्रत्याशी अपने पक्ष में मतदान करने के लिए व्हाट्सएप व अन्य माध्यम से सूचित करते रहे। चुनाव में खड़े हुए सभी प्रत्याशी अपने दोनों सरायकेला पुलिस लाइन व चांडिल थाना में बने बूथों का निरीक्षण भी जाकर किया।
—-
इनकी किस्मत बंद हुई बैलेट बाक्स में:-
अध्यक्ष पद के लिए सुभाष चंद्र मुंडा, रमेश पांडेय व प्रियंका भारती। उपसभापति के लिए बिन्दू भूषण मरांडी, मनोज कुमार यादव, राजेश हेस्सा। सचिव के लिए राजेन्द्र खाखा, मनोज उरांव, सकलधर महतो, श्रावणी कुमारी।
कोषाध्यक्ष के लिए बबलू मुर्मू, मांगरा मुंडा, बुधन सिंह तुबिद, मो शमीम। संयुक्त सचिव के लिए तरुण कुमार महतो, सूर्य प्रकाश तिवारी, कमल किशोर बोबोंगा। केन्द्रीय सदस्य के लिए तपन कुमार प्रधान, सुमंत राम, मंगल हांसदा।
अंकेक्षक के लिए सिंगराय सोरेन, पूर्णचंद्र सोरेन, मांखनलाल गोस्वामी, विकास कुमार होनहागा। डेलिगेट प्रतिनिधि में 60 लोगों ने नामांकन किया था। जिसकी किस्मत रविवार को हुए मतदान के बाद बैलेट बाक्स में बंद हो गई है।
Related posts:

