
खिजरी महली टोली के कई घरों में घुसा पानी, पीड़ितों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करे सरकार : आरती कुजूर

राँची/नामकुम : लगातार हो रही भारी बारिश के कारण खिजरी प्रखंड की महली टोली में जलजमाव की स्थिति गंभीर हो गई है। पानी घरों के अंदर तक घुस गया है और कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। इसी को लेकर सोमवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर और रांची जिला ग्रामीण महिला मोर्चा की अध्यक्ष नेहा सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बारिश की वजह से सोनी महली का घर ढह गया है, वहीं वज्रपात से जयंती महली के घर में दरार आ गई है। फूलो महली, दीपा महली और आरती महली के घर की छत से पानी टपक रहा है और फर्श से भी पानी निकल रहा है, जिससे घरों में रहना मुश्किल हो गया है। कई परिवारों के लोग बीमार भी हो गए हैं। आरती कुजूर ने कहा कि महली टोली के अधिकतर लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हैं, लेकिन अब तक इन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने मांग की कि प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आवास योजना का लाभ दिया जाए या फिर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। बीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल आपदा प्रबंधन के तहत राहत की मांग को लेकर अंचल कार्यालय पहुँचा, लेकिन अंचल अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर अंचल निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल में आरती कुजूर, नेहा सिंह, सोनी महली, आरती महली, जयंती महली, दीपा महली, फूलो महली, फूलो तिर्की और अंजली लकड़ा शामिल थीं।

