
जिलिंगोड़ा में शोक की लहर: सीएम हेमंत सोरेन ने पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पौते वीर सोरेन को दी श्रद्धांजलि
गाम्हरिया संवाददाता- जगबंधु महतो

सरायकेला : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरायकेला जिले के जिलिंगोड़ा पहुंचे, जहाँ उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते स्वर्गीय वीर सोरेन के असामयिक निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की। दिवंगत वीर सोरेन, बाबूलाल सोरेन के ज्येष्ठ पुत्र थे।
मुख्यमंत्री ने वीर सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवार से मिलकर उन्हें ढाँढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा राज्य परिवार के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
सीएम ने जताई गहरी संवेदना, कहा-दुख की इस घड़ी में हम सब साथ हैं
जिलिंगोड़ा स्थित पैतृक आवास पर शोक व्यक्त करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, बाबूलाल सोरेन एवं अन्य परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान माहौल अत्यंत भावुक रहा और बड़ी संख्या में समर्थक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सिंहभूम सांसद जोबा मांझी समेत कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा तथा पूर्व सांसद गीता कोड़ा भी उपस्थित रहीं। सभी नेताओं ने वीर सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।
जिलिंगोड़ा में दिनभर शोक का माहौल बना रहा और लोगों का तांता लगा रहा।
Related posts:

