
कुकड़ू में जंगली हाथी का कहर: शौच के लिए निकले व्यक्ति को कुचला, मौत के बाद सड़क जाम

रिपोर्टर जगबंधु महतो
सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ू गांव में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात हाथी के हमले में 50 वर्षीय मुनीराम गोराई की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि वे देर रात शौच के लिए घर से बाहर निकले थे, तभी अचानक हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुकड़ू प्रखंड के समीप शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन हाथियों द्वारा खेत-खलिहान बर्बाद किए जा रहे हैं और लोगों की जान-माल को लगातार खतरा बना हुआ है, बावजूद इसके कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है।
सूचना मिलते ही तिरूलडीह थाना पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही “हाथी भगाओ दस्ता” सक्रिय किया जाएगा, ताकि गांवों में हाथियों की आवाजाही को रोका जा सके।वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि हाथियों के आतंक पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगे और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

