खेल का मैदान नहीं होने देंगे खत्म-कांग्रेस ने मेधा मिल्क बूथ के लिए वैकल्पिक भूमि की उठाई मांग,सौंपा आपत्ति पत्र


रिर्पोटर – जगबन्धु महतो
गम्हरिया : मौजा छोटा गम्हरिया के खाता संख्या-156, खेसरा संख्या-641 स्थित गोचर भूमि पर प्रस्तावित मेधा मिल्क बूथ निर्माण का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को कांग्रेस के गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष अनिल ठाकुर की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने अंचल अधिकारी, गम्हरिया को आपत्ति पत्र सौंपकर प्रस्तावित निर्माण पर रोक लगाने तथा बूथ के लिए किसी अन्य उपयुक्त वैकल्पिक भूमि का चयन करने की मांग की।
आपत्ति पत्र में कहा गया है कि संबंधित भूमि वर्षों से वाणी विद्या मंदिर स्कूल के बच्चों के खेल मैदान के रूप में उपयोग होती आ रही है। प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी मैदान में खेलकूद एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों में भाग लेते हैं। ऐसे में इस स्थान पर मेधा मिल्क बूथ का निर्माण होने से बच्चों के पास खेलने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं बचेगा, जिससे उनके शारीरिक, मानसिक एवं सर्वांगीण विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बच्चों के हित सर्वोपरि हैं और खेल का मैदान उनके शिक्षा जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि इस भूमि का उपयोग किसी अन्य उद्देश्य के लिए किया जाता है तो यह बच्चों के अधिकारों और जनभावनाओं के विपरीत होगा। इसलिए प्रशासन को जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित निर्माण पर पुनर्विचार करना चाहिए।
प्रखंड अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा से जुड़े संसाधनों की रक्षा करना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अंचल प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए मेधा मिल्क बूथ के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन करने की अपील की।
इस अवसर पर कांग्रेस जिला महासचिव राजू रजक, उर्मिला देवी, अमन दास सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।

