SARAIKELA : सरायकेला मुख्य बाजार क्षेत्र की सड़कें भी अतिक्रमण की चपेट में; प्रतिदिन बन रही जाम की स्थिति . . .

Advertisements
Spread the love

सरायकेला मुख्य बाजार क्षेत्र की सड़कें भी अतिक्रमण की चपेट में; प्रतिदिन बन रही जाम की स्थिति . . .

सरायकेला : SANJAY 

सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत मुख्य बाजार में निजी कार्य के लिए लोग सड़को पर ही भवन निर्माण सामग्री गिट्टी, बालु समेत अन्य निर्माण सामग्री रख रहे है जिससे यातायात बाधित होने के साथ लोगों को भारी परेशानियो का सामना करना पड़ रहा है। सड़को पर बिखरी बालू, गिट्टी, ईट से आवागमन बाधित होने के साथ बाइक सवार फिसलकर जख्मी भी हो रहे है।

जिला मुख्यालय में मुख्य रुप से थाना चौक से लेकर पुराने बस स्टैंड तक अतिक्रमण के साथ भवन निर्माण की सामग्री बिखरी होने से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बालू, गिट्टी, ईंट आदि सामग्री रखी होने के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी हो रही है। बाइक के फिसलने से लोग चोटिल हो रहे हैं।

इसे देखने वाला कोई नहीं है। प्रतिदिन सड़कों पर अतिक्रमण व जाम की समस्या के बावजूद नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण मुक्त अभियान नहीं चलाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की कारवाई नहीं होने से नगरवासियो में आक्रोश भी है। जिला मुख्यालय में सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है इसके बावजूद जिला प्रशासन और नगर पंचायत मौन है।

अतिक्रमण भी बनी ट्रैफिक जाम का मुख्य कारण:-

 

जिला मुख्यालय के कालूराम चौक से संजय चौक, कालूराम चौक से धर्मशाला रोड, कालूराम चौक से पुराने बस स्टैंड व स्टैट बैंक के समीप दुकानदारों द्वारा बिक्री का सामान अपनी दुकान के सामने सड़क तक बढ़ा कर रख दिया जाता है जिससे सड़क की चौड़ाई कम होने लगी है। बाजार के मस्जिद के समीप तो सड़क पर ही दुकाने सजती है। कई दुकानदार सड़क तक तिरपाल लगाकर तो कई दुकानदार गुमटी लगाकर अतिक्रमण किए हुए है जिसके कारण इन सड़कों पर प्रतिदिन ट्रैफिक जाम की समस्या आम बन गयी है। इसके अलावे सड़क किनारे मॉल व बड़े दुकानों द्वारा बेसमेंट बना कर पार्किग की व्यवस्था नही की गयी है जिससे दुकानदार के साथ सभी लोग दुकान के आगे सड़कों पर ही वाहन खड़ी कर खरीददारी करते है जो अतिक्रमण का स्वरुप बनता है।

You missed