
दर्दनाक सड़क हादसे में अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी चालक की ऑन द स्पॉट हुई मौत…
सरायकेला – संजय कुमार मिश्रा
सरायकेला। सरायकेला थाना अंतर्गत सरायकेला-राजनगर बाईपास मुख्य मार्ग पर सरायकेला पेट्रोल पंप मोड़ के समीप मंगलवार की दोपहर तकरीबन 2:15 बजे भीषण सड़क दुर्घटना घटी। जिसमें टाटा की ओर से आ रही खाली ट्रक संख्या बीआर02एए-1962 ने इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त रही कि इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी चालक राजनगर के कृष्णापुर निवासी 45 वर्षीय श्याम चंद्र दास का सिर बुरी तरह से कुचल गया। और ऑन द स्पॉट श्याम चंद्र दास की मौत हो गई।

जिसके बाद स्कूटी ट्रक में फंस कर लगभग 2 किलोमीटर दूर तक घसीटाती रही। घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल से ट्रक का पीछा करते हुए 2 किलोमीटर तक कालापाथर पहुंचे। जहां ट्रक चालक ट्रक को खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ट्रक को जप्त करते हुए थाना ले आई। और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि राजनगर के कृष्णापुर निवासी श्याम चंद्र दास अपनी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी से वापस राजनगर की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफी तेज गति से आ रही उक्त ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी।
घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंचे भाजपा नेता मनोज कुमार चौधरी ने घटना पर गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि रोड तो अच्छी बनी है। जिस पर संयम से चलने की आवश्यकता है। और इसके लिए प्रशासन भी तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने का कार्य करें। मौके पर उपस्थित लोगों ने घटना पर हिट एंड रन का मामला बनाए जाने की मांग रखी।
Related posts:

