
नोनीहाट शोरूम के पास जलजमाव बना खतरा, सावन यात्रा के दौरान दुर्घटना की आशंका बढ़ी

संवाददाता : मौसम गुप्ता
दुमका : नोनीहाट स्थित होंडा शोरूम के समीप मुख्य सड़क पर बना गड्ढा बारिश के चलते खतरनाक जलभराव में तब्दील हो चुका है। यह स्थिति बाबा बासुकिनाथ धाम की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन गई है।
सोमवार को एक बाइक सवार अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ जब इस रास्ते से गुजर रहा था, तो पानी से ढके गड्ढे में उसकी बाइक असंतुलित हो गई और बच्चा गिर पड़ा। संयोगवश कोई गंभीर चोट नहीं आई। इसी जगह एक ठेला भी फंसते-पलटते बचा। प्रत्येक दिन हजारों कांवरिए, दोपहिया, साइकिल और भारी वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में यह गड्ढा बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहा है। सावन जैसे भीड़भाड़ वाले धार्मिक मौसम में प्रशासन की यह लापरवाही चिंताजनक है।
हालांकि क्षेत्र में लाइट और होर्डिंग तो लगाए गए हैं, परंतु सड़क की जर्जर स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है।
<span;>स्थानीय नागरिक मुकेश सेन ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि जन-जीवन एवं श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित रह सके।

