
सूर्या हांसदा फर्जी एनकाउंटर: आरती कुजूर और अधिवक्ता आदिदेव वर्मा ने एन एच आर सी से की शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग

✍️ Arjun Kumar Pramanik
राँची/नामकुम । गोड्डा जिले के आदिवासी नेता सूर्या हांसदा फर्जी एनकाउंटर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर और अधिवक्ता आदिदेव वर्मा ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एन एच आर सी) के सदस्य प्रियंक कानूनगो से मुलाकात की। दोनों ने आयोग को पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए कहा कि यह घटना एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई है, जिसकी उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों और जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई, सूर्या हांसदा के परिजनों को सुरक्षा, सम्मानजनक मुआवजा, दर्ज फर्जी मुकदमे की वापसी तथा सूर्या द्वारा संचालित विद्यालय के बच्चों की शिक्षा और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी। आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने इस पूरे मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया ।

