
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशासन की सख्ती, चेकनाका पर की गई कार्रवाई

रिपोर्टर – अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका । घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन की सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में कोवाली थाना क्षेत्र के रसुनचोपा स्थित झारखंड-उड़ीसा सीमा पर लगाए गए अंतरराज्यीय चेकनाका में बुधवार को वाहन जांच के दौरान एक कार से 4 लाख 49 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
मिली जानकारी के अनुसार, यह नकदी उड़ीसा के चांदीखोल निवासी एस. के. साजिद अली द्वारा कार से जमशेदपुर ले जाई जा रही थी। चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने रकम से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नकद राशि जब्त कर ली और आगे की कार्रवाई के लिए राशि को जिला प्रशासन को जांच हेतु भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व ड्यूटी मजिस्ट्रेट अभिषेक नंदन के निर्देशन में किया गया। जांच टीम में पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।
कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के बाद चुनाव आयोग के निर्देशानुसार किसी भी वाहन में 50 हजार रुपये से अधिक नकदी ले जाना प्रतिबंधित है। इसी के तहत जांच अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रशासन ने इसी चेक पोस्ट से दो बार लगभग 10 लाख रुपये की नकदी जब्त की थी। लगातार नकदी बरामद होने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने सीमा पर चेकिंग अभियान को और तेज कर दिया है।
Related posts:

