
मुटुदा गांव में अफीम की अवैध खेती पर शिकंजा, पुलिस-SSB ने चलाया सत्यापन व जागरूकता अभियान

चाण्डिल-संवाददाता
चांडिल प्रखंड अंतर्गत सरायकेला-खरसावां जिले में नशे के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देशानुसार रविवार को चौका थाना अंतर्गत ग्राम मुटुदा में अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध सत्यापन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
यह संयुक्त अभियान चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार, चौका थाना पुलिस, एसएसबी मतकमडीह एवं एसएसबी रायजामा के सशस्त्र बलों के सहयोग से सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान के दौरान गांव में अफीम की अवैध खेती एवं विक्रय निषेध से संबंधित बिंदुओं पर गहन सत्यापन किया गया और ग्रामीणों को इसके खिलाफ जागरूक किया गया।
इस अवसर पर चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार एवं एसएसबी अधिकारियों ने ग्रामीणों को अफीम की खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और कानूनी दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही अफीम से जुड़े कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए ग्रामीणों से अपील की गई कि वे इस अवैध कार्य से दूर रहें और इसके स्थान पर वैकल्पिक एवं वैध कृषि को अपनाएं।
इसके अतिरिक्त सामुदायिक पुलिसिंग एवं सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत मानवीय पहल करते हुए करीब 100 जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। वहीं बच्चों के बीच पुस्तक, कलम एवं चॉकलेट वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।
इस अभियान से गांव में सकारात्मक माहौल बना और ग्रामीणों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अफीम की अवैध खेती के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

