
एमबीएनएस इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन में बी.एड प्रथम सेमेस्टर के नए छात्रों के लिए भव्य परिचय कार्यक्रम का आयोजन

चाण्ड़िल:- संवाददाता
सरायकेला खरसावां जिला चाण्डिल प्रखंड अंतर्गत आंसनबनी स्थित एमबीएनएस इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन के परिसर में बी.एड प्रथम सेमेस्टर सत्र 2025–2027 के नवप्रवेशी छात्रों के लिए एक भव्य एवं प्रेरणादायी परिचय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों को संस्थान की शैक्षणिक परंपराओं, संकाय सदस्यों तथा सहपाठियों से परिचित कराना था। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान की निदेशक श्रीमती अनुपा सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्वागत भाषण के साथ हुई। अपने संबोधन में उन्होंने बी.एड पाठ्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को शिक्षक के रूप में अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एमबीएनएस इंस्टिट्यूट छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके पश्चात परिचय सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें नवप्रवेशी छात्रों ने अपना परिचय देते हुए अपने शैक्षणिक अनुभव और भविष्य की आकांक्षाओं को साझा किया। इस सत्र से छात्रों के बीच आपसी संवाद और आत्मीयता का माहौल बना।
कार्यक्रम में उपस्थित संकाय सदस्यों ने छात्रों को पाठ्यक्रम संरचना, सेमेस्टर प्रणाली एवं संस्थान के नियमों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ. दीपिका भारती, भबतारण भकत, डॉ. सुषमा अर्चना टोपनो एवं मधुसूदन महतो ने अपने-अपने विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं तथा छात्रों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया।
परिचय कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। छात्रों ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे पूरा माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया।
कार्यक्रम के समापन पर निदेशक श्रीमती अनुपा सिंह ने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्थान की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर संस्थान के सभी संकाय सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

