
मानवता हुई शर्मशार माता-पिता द्वारा 10 वर्षीय बच्ची को सड़क पर लावारिश छोड़ने का मामला

Arjun Kumar Pramanik………✍️
रांची । झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में आज दिनांक 29.01.2026 को एक 10 वर्षीय बच्ची को रिनपास अस्पताल में बेहतर इलाज एवं आवश्यक दवा उपलब्ध कराई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जनवरी को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के सचिव को कार्यरत पीएलवी भारती शाहदेव द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना दी गई कि एक 10 वर्षीय बच्ची को उसके माता-पिता रिनपास अस्पताल के बाहर रात्रि लगभग 11 बजे लावारिश अवस्था में छोड़कर फरार हो गए हैं। सूचना प्राप्त होते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के सचिव द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पीएलवी भारती शाहदेव एवं दीपक मुंडा को बच्ची की देखरेख के लिए नियुक्त किया गया तथा धर्मशाला के गार्ड को निर्देश दिया गया कि बच्ची को सुरक्षित रूप से धर्मशाला में रखा जाए। इसके पश्चात सुबह चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को सूचित कर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी (DCPO) एवं बाल कल्याण समिति (CWC) को रिनपास बुलाया गया। बच्ची का ओपीडी में तत्काल इलाज कराया गया तथा व्यवहार न्यायालय की एम्बुलेंस एवं चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सहयोग से बच्ची को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सीडब्ल्यूसी द्वारा बच्ची को सुरक्षित स्थान पर शेल्टर देने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के सचिव द्वारा रिनपास के निदेशक से मुलाकात कर अनुरोध किया गया कि यदि किसी भी प्रकार का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध हो, जिससे बच्ची को छोड़ने वालों की पहचान हो सके, तो उसकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार को दी जाए। साथ ही कांके थाना प्रभारी को भी पूरे मामले की विधिवत सूचना दी गई। मौके पर उपस्थित लोगों को यह भी बताया गया कि यदि कहीं भी इस प्रकार का कोई लावारिश या संकटग्रस्त बच्चा दिखाई दे, तो नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर सूचना दें अथवा सीधे जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची से संपर्क करें।
वर्तमान में बच्ची की समुचित देखरेख, इलाज एवं दवा की व्यवस्था की जा रही है। जैसे ही बच्ची के माता-पिता से संबंधित जानकारी प्राप्त होगी, आगे की विधिसम्मत कार्रवाई एवं आवश्यक सहायता की जाएगी। बच्ची के माता-पिता की तलाश हेतु कांके थाना को भी सूचित कर दिया गया है।

