
मसलिया प्रखंड के सांपचला क्षेत्र में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का दौरा, पुराने कार्यकर्ताओं से मिले

दुमका-संवाददाता -मौसम गुप्ता 
दुमका : मसलिया प्रखंड अंतर्गत सांपचला क्षेत्र में गुरुवार को झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका कुशल-क्षेम जाना तथा शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया। दौरे की शुरुआत सांपचला पंचायत के मोहलबना गांव से हुई, जहां उन्होंने पूर्व मुखिया सह वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता दिवंगत विशेश्वर टुडू के परिजनों से भेंट की। बाबूलाल मरांडी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके पुत्र कृष्णा टुडू से बातचीत की और परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। इसके पश्चात वे तीन महीनों से गंभीर बीमारी से पीड़ित 43 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता संतोष सोरेन से मिलने पहुंचे। संतोष सोरेन बीते कई महीनों से खटिया पर पड़े हैं और उनका पूरा शरीर सुन्न हो चुका है, जिससे वे कोई कार्य करने में असमर्थ हैं। बाबूलाल मरांडी ने उन्हें रांची आकर सभी चिकित्सीय रिपोर्ट लेकर आने की सलाह दी और आश्वासन दिया कि रांची में किसी अच्छे चिकित्सक से परामर्श कराकर बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष बेलगंजिया गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत पूर्व प्रमुख उमा प्रसन्न महतो तथा भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता गौरीशंकर यादव के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया और शोकसंतप्त परिवारों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। मौके पर भाजपा मसलिया पूर्वी मंडल अध्यक्ष सहदेव मरांडी, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष नंदकिशोर मंडल, मार्शल ऋषिराज टुडू, रमेश मुर्मू, तपन मिर्धा सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

