
टाटीसिलवे ऐतिहासिक नवमीडोल मेला की तैयारी पूरी, आजसू पार्टी लगाएगी स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सेवा शिविर

Arjun Kumar Pramanik…….✍️
राँची(नामकुम) । नामकुम प्रखंड अंतर्गत टाटीसिलवे में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक नवमीडोल मेला की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राँची–पुरुलिया मुख्य मार्ग के किनारे लगने वाला यह मेला क्षेत्र का एक प्रमुख और ऐतिहासिक मेला है, जो पूर्व समय से ही परंपरागत रूप से आयोजित होता आ रहा है और इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आगन्तुक नागरिक शामिल होते हैं। मेले के अवसर पर आजसू पार्टी की ओर से मेला परिसर में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सेवा शिविर लगाया जा रहा है, जहां आने वाले लोगों को प्राथमिक उपचार, सहायता और सुरक्षा संबंधी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। सेवा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा शिविर का उद्घाटन पूर्व मंत्री रामचंद्र साहिस के द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रहेगी। मेला सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राजू नायक ने कहा कि “नवमीडोल मेला क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान है। यह मेला वर्षों से लोगों की आस्था और परंपरा से जुड़ा हुआ है। मेला समिति द्वारा आगन्तुकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारी की गई है, ताकि सभी लोग सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में मेले का आनंद ले सकें।”इस आयोजन में अनगड़ा प्रखंड अध्यक्ष जगरनाथ महतो, जो मेला समिति के सदस्य एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव भी हैं, सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। मेला समिति ने क्षेत्र के लोगों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसकी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की है।
Related posts:

