
इंडेन गैस गोदाम में गैस की कमी की आशंका पर हंगामा, जांच के बाद स्थिति हुई स्पष्ट

Arjun Kumar ….✍️
अनगड़ा(राँची) । अनगड़ा प्रखंड के हेसल पंचायत अंतर्गत हेसल नयाटोली स्थित इंडेन गैस गोदाम में गैस की कमी की आशंका को लेकर गुरुवार को अचानक लोगों के बीच असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान उपभोक्ताओं द्वारा हल्ला-शोर मचाया गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही हेसल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कृष्णा करमाली मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। उन्होंने गोदाम में जाकर स्वयं जांच की, जिसमें पाया गया कि गोदाम में 52 गैस सिलेंडर उपलब्ध थे। इसके बाद गैस गोदाम संचालक द्वारा उपभोक्ताओं के बीच सिलेंडरों का वितरण किया गया। कृष्णा करमाली की सूचना पर अनगड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति नियंत्रण में आ चुकी थी और मामला शांत हो गया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि शुरुआत में गैस उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही थी, लेकिन मुखिया प्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बाद गैस का वितरण किया गया। इस संबंध में गैस गोदाम संचालक सुभाष कुमार ने बताया कि आज गैस की गाड़ी नहीं पहुंची है, जिसके कारण गोदाम में सीमित मात्रा में ही गैस उपलब्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अगले दिन तक गैस की आपूर्ति हो जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। गौरतलब है कि पूर्व में गैस बुकिंग करने पर तत्काल डीएसी (DAC) नंबर प्राप्त हो जाता था, लेकिन वर्तमान में यह प्रक्रिया विलंबित हो गई है और उपभोक्ताओं को दो दिन बाद नंबर मिल रहा है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। मुखिया प्रतिनिधि कृष्णा करमाली ने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने गैस एजेंसी संचालक को निर्देश दिया कि पारदर्शिता बनाए रखें और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो

