
नेटवर्क समस्या से जूझ रहे ग्रामीण, ऑनलाइन पढ़ाई और संचार व्यवस्था प्रभावित


दुमका संवाददाता- मौसम गुप्ता
दुमका : मसलिया सरकार जहां एक ओर डिजिटल इंडिया और ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कर रही है, वहीं दुमका जिले के ग्रामीण इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। नेटवर्क नहीं मिलने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों को फोन पर बातचीत करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कई हिस्सों में मोबाइल सिग्नल बिल्कुल नहीं मिलता। ऑनलाइन क्लास, परीक्षा फॉर्म भरना, जरूरी दस्तावेज डाउनलोड करना और इंटरनेट से जानकारी प्राप्त करना मुश्किल हो गया है। नेटवर्क कमजोर रहने के कारण युवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार नेटवर्क पकड़ने के लिए घरों से बाहर खुले मैदान या ऊंचे स्थानों पर जाना पड़ता है। फोन पर बात करते समय बार-बार कॉल कट जाना आम बात हो गई है। इंटरनेट सेवा बाधित रहने से लोग देश-दुनिया की खबरों और जरूरी सूचनाओं से भी कटते जा रहे हैं। मसलिया के पिपरा दो के युवा विष्णु चंद्र पाल ने कहा कि यहां नेटवर्क की बहुत समस्या है। ऑनलाइन पढ़ाई नहीं हो पा रही है और किसी जरूरी काम के लिए इंटरनेट चलाना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने सरकार से जल्द नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि गांव के बच्चे भी बेहतर शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठा सकें।ग्रामीणों ने सरकार और दूरसंचार विभाग से गांव में मोबाइल टावर की संख्या बढ़ाने तथा नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बेहतर नेटवर्क सुविधा मिलने से छात्रों को ऑनलाइन शिक्षा से जुड़ने में मदद मिलेगी और ग्रामीणों को संचार संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। इस संबंध में जीवन पाल, मिठून पाल, संतोष पाल, उमाशंकर पाल, सपन कुमार, विष्णु चंद्र पाल, कार्तिक पाल, जितेन पाल, रोहित पाल, गणेश पाल, बिरेन पाल, रतन कोल सहित अन्य ग्रामीणों ने सरकार से जल्द ठोस पहल करने की मांग की है।

