
चुटुपालू घाटी में बेकाबू ट्रेलर का कहर, कई वाहन क्षतिग्रस्त; 15 से अधिक लोग घायल


Arjun Kumar….✍️
राँची। रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित चुटुपालू घाटी में बुधवार सुबह लगभग 10 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित ट्रेलर ने करीब दो किलोमीटर तक कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई । प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर ने चार चारपहिया वाहनों, तीन दोपहिया वाहनों तथा एक यात्री बस को टक्कर मार दी। हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों, पुलिस एवं प्रशासन की मदद से निकटवर्ती अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों एवं बस यात्रियों के अनुसार, ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और बस से टकराने के बाद सामने चल रहे अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में लेता चला गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक आशंका ट्रेलर के अनियंत्रित होने की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

