चाकुलिया: हाथियों के बढ़ते आतंक पर डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने वन प्रमंडल पदाधिकारी से की मुलाकात

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने शुक्रवार को जमशेदपुर के वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी से उनके सीएच एरिया स्थित कार्यालय में मुलाकात कर जिले के ग्रामीण इलाकों में हाथियों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताई. उन्होंने लोगों के जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रभावी एवं त्वरित कदम उठाने की मांग की. मुलाकात के दौरान डॉ. गोस्वामी ने बताया कि पिछले दस वर्षों में चाकुलिया- बहरागोड़ा क्षेत्र में हाथियों के हमलों में 47 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 41 लोग घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में अब तक हाथी के हमलों में पाँच लोगों की जान जा चुकी है और पाँच अन्य घायल हुए हैं. इसके अलावा हाथियों के झुंड लगातार गांवों में घुसकर घरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं तथा किसानों की फसलों को रौंदकर भारी आर्थिक क्षति पहुँचा रहे हैं. जंगल से सटे गांवों के लोग भय और दहशत के बीच रात बिताने को मजबूर हैं. डॉ. गोस्वामी ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से दलमा के घने जंगलों की ओर भेजने की ठोस व्यवस्था करने की मांग की. साथ ही उन्होंने चाकुलिया प्रखंड के कालियाम गांव निवासी हाथी हमले के मृतक अनिल महतो के आश्रितों को सरकार द्वारा निर्धारित 10 लाख रुपये की मुआवजा राशि 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने की मांग भी की. उन्होंने हाथी प्रभावित गांवों के ग्रामीणों को सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में टॉर्च, मशाल, पटाखे एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा जंगल से सटे गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग की, ताकि रात के समय हाथियों की गतिविधियों का समय रहते पता चल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके.



