Spread the love

आदित्यपुर में सेवा का महासंकल्प: स्व. प्रवीण सिंह की स्मृति में हजारों लोगों ने रचा रक्तदान का नया इतिहास

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

रक्त की हर बूंद बनी जीवन की उम्मीद: आदित्यपुर के मेगा रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, दिग्गज नेताओं ने बढ़ाया हौसला

आदित्यपुर: मित्रता दिवस के अवसर पर आदित्यपुर ने रविवार को मानवता, सेवा और सामाजिक समर्पण का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। स्वर्गीय प्रवीण सिंह स्मृति सेवा संस्थान द्वारा भगवती इन्क्लेव स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित 6वें वार्षिक मेगा रक्तदान शिविर में हजारों लोगों की सहभागिता ने इसे शहर के सबसे बड़े सामाजिक आयोजनों में शामिल कर दिया। सुबह से ही युवा, महिलाएं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग रक्तदान के लिए कतारों में नजर आए। इस वर्ष संस्थान ने 1000 यूनिट रक्त संग्रह का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा, जिसे लेकर रक्तदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेत्री मीरा मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, गणेश महाली तथा पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने स्वर्गीय प्रवीण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

संस्थान के अध्यक्ष एवं आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वर्गीय प्रवीण सिंह के समाजसेवा के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनकी सोच आज भी लोगों को मानवता की राह पर चलने की प्रेरणा दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सेवा का यह अभियान समाज के लिए प्रेरणादायी है, जबकि अर्जुन मुंडा ने रक्तदाताओं को जीवनदाता बताते हुए नियमित रक्तदान का आह्वान किया। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि समाज को जोड़ने की जो विरासत स्वर्गीय प्रवीण सिंह छोड़ गए, उसे आज उनका परिवार और संस्था आगे बढ़ा रही है।

इस अवसर पर 100 से अधिक बार रक्तदान करने वाले शतकवीर रक्तदाताओं, चिकित्सकों और नर्सिंग कर्मियों को सम्मानित किया गया। विधायक सरयू राय, मंगल कालिंदी, ए.के. श्रीवास्तव, संजीव चौधरी, अजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और हजारों नागरिकों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। रक्तदान शिविर ने यह संदेश दिया कि मानवता की सबसे बड़ी पहचान जरूरतमंद के जीवन को बचाने का संकल्प है।

You missed