रिश्तों को किया शर्मसार, नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 10 घंटे में गिरफ्तार


रिर्पोटर – जगबंधु महतो
सीनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई: शिकायत मिलते ही दबोचा आरोपी, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
सीनी : सरायकेला-खरसावां जिले के सिनी ओपी क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के लगभग 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस की इस तेज कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की शाम सिनी ओपी क्षेत्र के स्वर्णपुर गांव निवासी विजय हेम्ब्रम (पिता- सोनू हेम्ब्रम) पर अपनी नाबालिग चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा। घटना की जानकारी मिलते ही सिनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 3 अगस्त 2026 को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस संबंध में सरायकेला थाना कांड संख्या 66/2026 दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को नियमानुसार चिकित्सीय परीक्षण, कानूनी सहायता तथा आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है ताकि साक्ष्यों के आधार पर न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत बनाया जा सके।
सिनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में सरायकेला पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। ऐसे मामलों में त्वरित अनुसंधान, शीघ्र गिरफ्तारी और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुरूप कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े किसी भी अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।
Related posts:

