Advertisements
Spread the love

आदित्यपुर वार्ड-22 को मिलेगी आधुनिक सुविधाओं की सौगात, पूजा मैदान में बनेगा ओपन जिम, खेल परिसर और वॉकिंग ट्रैक

 

 

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

 

 

वार्ड-22 के दुर्गा पूजा मैदान के विकास का रास्ता साफ, 10 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

 

आम लोगों के लिए निःशुल्क रहेंगी सभी सुविधाएं, बोर्ड की मंजूरी के बाद तैयार होगा डीपीआर

 

 

आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-22 स्थित एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। मंगलवार शाम पार्षद अंजू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित वार्ड सभा में मैदान के सौंदर्यीकरण एवं विकास से जुड़े सभी 10 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में स्थानीय लोगों ने अपनी भागीदारी निभाई, जबकि योजना का विरोध करने वाला विपक्षी खेमा अनुपस्थित रहा।

 

बैठक में मौजूद डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने स्पष्ट किया कि मैदान को विकसित करने के बाद आम लोगों से किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। परिसर पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता की सहमति और जनहित को ध्यान में रखकर ही विकास कार्य कराए जाएंगे।

 

नगर निगम के कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार झा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर आयोजित वार्ड सभा में किसी ने प्रस्तावों पर आपत्ति नहीं जताई। अब इसे निगम बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद कंसल्टेंट के माध्यम से डीपीआर तैयार कर अंतिम मंजूरी के लिए रांची भेजा जाएगा।

 

पार्षद प्रतिनिधि संजीव सिंह ‘बबुआ’ के अनुसार, योजना में पूजा एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सुरक्षित स्थान, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, वॉलीबॉल-बैडमिंटन कोर्ट, ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, पार्किंग, डीप बोरिंग, नई घास और दूधिया रोशनी की व्यवस्था शामिल है। अतिक्रमण रोकने के लिए पूर्वी छोर पर 10 फीट ऊंची चारदीवारी भी बनाई जाएगी।