
कल्पनापुरी श्मशान भूमि के जंगल में खूनी खेल, बोतल से हमला कर युवक को उतारा मौत के घाट
रिपोर्टर – जगबंधु महतो
घटना के कुछ ही मिनटों में पुलिस ने संभाला मोर्चा, जंगल की घेराबंदी कर दो संदिग्धों को किया गिरफ्तार
आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्पनापुरी स्थित श्मशान भूमि के जंगल में मंगलवार को एक युवक की उसके ही साथियों ने बोतल से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और श्मशान भूमि के आसपास के जंगल की घेराबंदी कर दी। इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बल प्रयोग कर मौके से ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तत्परता के कारण दोनों आरोपी भागने में सफल नहीं हो सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक और उसके साथी सुनसान जगह पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आशंका है कि इसी दौरान बोतल से हमला कर युवक की हत्या कर दी गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान और घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी थी।
