
जागरूकता रैली निकालकर की गई साफ-सफाई, दुकानदारों और ग्रामीणों ने लिया स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प
Arjun Kumar….✍️
अनगड़ा (राँची)। झारखंड स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग तथा जिला पर्यटन संवर्धन समिति, राँची की ओर से आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा के तहत बुधवार को प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हुण्डरू जलप्रपात में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान जागरूकता रैली निकालकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में पंचायत के जनप्रतिनिधि, स्थानीय दुकानदार, पर्यटक मित्र तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष शामिल हुए। सभी ने मिलकर जलप्रपात परिसर, बाहरी क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में साफ-सफाई की। एकत्रित कचरे का उचित निष्पादन भी किया गया।
सफाई अभियान के बाद उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। स्थानीय दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आसपास नियमित साफ-सफाई रखने तथा पर्यटन स्थल को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से पर्यटकों से भी अपील की गई कि वे पर्यटन स्थल पर कचरा न फैलाएं और प्राकृतिक सुंदरता एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
स्वच्छता अभियान में कुच्चू मुखिया सहदेव बेदिया, पंचायत समिति सदस्य जोन तिग्गा, ग्राम प्रधान जयदेव बेदिया, दुलाल बेदिया, राजकिशोर प्रसाद, बालेश्वर बेदिया, बबीता देवी, लीलावती देवी, प्रमिला देवी, सविता देवी, नीतू देवी, संध्या देवी, शिबा बेदिया, दीपक प्रसाद, बुधराम बेदिया, हरिचरण बेदिया, मेघनाथ बेदिया, मनोज कुमार बेदिया, जीत बहन भोक्ता, लालो देवी, कोशिला देवी, नागेश्वर बेदिया, राजेश बेदिया, महेश्वर बेदिया, चन्द्र उदय बेदिया, रंजन बेदिया एवं विष्णु कुमार बेदिया सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे। सामूहिक प्रयास से हुण्डरू जलप्रपात को स्वच्छ, सुंदर और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाए रखने का संदेश दिया गया।
