Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: 28 नवंबर को इकोलॉजिकल डायवर्सिटी पार्क का होगा उद्घाटन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे ऑनलाइन शुभारंभ

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया क्षेत्र के लिए 28 नवंबर का दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में जुड़ने जा रहा है. नगर क्षेत्र में नवनिर्मित इकोलॉजिकल डायवर्सिटी पार्क का उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन माध्यम से करेंगे. इस अवसर पर बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती पार्क परिसर में उपस्थित रहेंगे. पार्क के उद्घाटन के साथ ही चाकुलिया और आसपास के क्षेत्र के लोगों को एक नया पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल मिलने जा रहा है. पार्क के विकसित होने से स्थानीय लोगों, विशेषकर बच्चों, युवाओं और परिवारों को प्रकृति के बीच समय बिताने और मनोरंजन का बेहतर अवसर मिलेगा. साथ ही प्राकृतिक वातावरण और जैव विविधता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में भी यह पार्क महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

इस पार्क के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. पर्यटकों के आगमन से स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों और अन्य लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित हो सकते हैं. इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की संभावना है. स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और विकास की नई संभावनाएं खोलने की दिशा में इकोलॉजिकल डायवर्सिटी पार्क को एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. पार्क के उद्घाटन से चाकुलिया की पहचान पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है.

You missed