Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: श्रीराम कथा में सुनाया गया केवट चरित्र का भावपूर्ण प्रसंग, भक्ति में डूबे श्रद्धालु

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित मानस नगर (स्टील फैक्ट्री परिसर) में आयोजित मानस चतु:शती स्वर्ण जयंती महोत्सव के तहत सात दिवसीय श्रीराम कथा के चौथे दिन गुरुवार को केवट चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया गया. कथावाचक सीताराम शास्त्री महाराज ने भगवान श्रीराम और केवट के बीच हुए प्रेम, समर्पण और भक्ति के प्रसंग को सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया.

कथा के दौरान सीताराम शास्त्री महाराज ने बताया कि वनवास के समय जब भगवान श्रीराम माता सीता और लक्ष्मण के साथ गंगा तट पर पहुंचे, तो उन्होंने नदी पार करने के लिए केवट से नाव मांगी. इस पर केवट ने प्रभु से कहा कि वह उनके चरणों का मर्म जानता है, जिनके चरणों के स्पर्श से पत्थर भी अहिल्या बनकर स्त्री रूप में परिवर्तित हो गया था, यदि उन्हीं चरणों का स्पर्श उसकी लकड़ी की नाव से हो गया, तो कहीं नाव भी स्त्री रूप में न बदल जाए. ऐसे में उसकी आजीविका का साधन समाप्त हो जाएगा. इसलिए उसने पहले भगवान श्रीराम के चरण धोने की शर्त रखी.

महाराज ने आगे बताया कि केवट की प्रेमपूर्ण बातों को सुनकर भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण मुस्कुराने लगे. प्रभु ने केवट की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद केवट ने कठौते में जल लेकर बड़े श्रद्धाभाव से भगवान श्रीराम के चरण धोए और चरणामृत का पान किया. मान्यता के अनुसार, प्रभु के चरणामृत से उसके पूर्वजों का भी उद्धार हो गया. इसके बाद केवट ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को सकुशल गंगा के पार पहुंचाया.

इस अवसर पर झांकी के माध्यम से केवट चरित्र का सुंदर मंचन किया गया. इसमें केवट द्वारा कठौते में जल लेकर भगवान श्रीराम के चरण धोने के दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. पूरा कथा स्थल जय श्रीराम के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा.

You missed