
सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची में संविधान दिवस पर लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश
Arjun kumar…..✍️
नामकुम(राँची) । सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची में संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक आदर्शों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रातःकालीन सभा में भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की भूमिका निभाते हुए उनके विचारों एवं योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। अपने वक्तव्यों के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सत्यनिष्ठा एवं उत्तरदायी नागरिकता के महत्त्व को रेखांकित किया तथा राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में इन मूल्यों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
समारोह का विशेष आकर्षण ‘हमारे मौलिक कर्तव्य’ विषय पर आयोजित अंतरसदनीय कठपुतली नाट्य प्रतियोगिता रही। चारों सदनों के विद्यार्थियों ने आकर्षक कठपुतलियों, सजीव संवादों एवं संदेशपरक प्रस्तुतियों के माध्यम से मौलिक कर्तव्यों को अत्यंत रोचक एवं प्रभावशाली रूप में अभिव्यक्त किया। प्रस्तुतियों में राष्ट्रध्वज एवं राष्ट्रगान के सम्मान, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने तथा संविधान में निहित आदर्शों के अनुपालन जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों को समाहित किया गया। प्रतियोगिता में अथर्ववेद सदन ने प्रथम, सामवेद सदन ने द्वितीय तथा ऋग्वेद एवं यजुर्वेद सदन ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, संविधान दिवस की विषयवस्तु पर आधारित पोस्टर निर्माण, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा एवं बौद्धिक क्षमता के प्रदर्शन के साथ-साथ संविधान के मूल सिद्धांतों को समझने और उनके प्रति अपनी दृष्टि अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान किया।
प्राचार्या मनीषा शर्मा ने सभी गतिविधियों में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर अपने व्यवहार एवं जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विविधता में एकता की भावना को सुदृढ़ करने, प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का सम्मान करने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
संविधान दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ। इसने उन्हें यह समझने का अवसर प्रदान किया कि संविधान केवल देश का सर्वोच्च विधिक दस्तावेज ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आधारशिला और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का मार्गदर्शक भी है। निस्संदेह, संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान, आपसी सौहार्द एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना ही एक सशक्त, समरस एवं प्रगतिशील भारत के निर्माण का आधार है।
