Advertisements
Spread the love

अपहृत बच्चे की हत्या के आरोपी ने थाना हाजत में की आत्महत्या, छह पुलिसकर्मी निलंबित

Advertisements

Arjun Kumar Pramanik…..✍️

नामकुम(राँची) । थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्चे के अपहरण और हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने थाना हाजत में आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राँची ने छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नामकुम थाना कांड संख्या-50/26 (03.03.2026) धारा 140(1) बीएनएस के तहत अंजु देवी (उम्र 32 वर्ष), पिता महादेव हजाम, निवासी कुड़ापूर्ति, थाना सायको, जिला राँची के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि जगाई मुंडा, पिता स्वर्गीय लोदया मुंडा, निवासी कुड़ापूर्ति, थाना सायको, जिला खूंटी ने उनके 12 वर्षीय पुत्र रमेश हजाम का जान से मारने की नीयत से अपहरण किया है। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने रामगढ़ जिले के घाटो थाना क्षेत्र स्थित मुँड्याडीह जंगल से आरोपी जगाई मुंडा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर अपहृत बालक रमेश हजाम का शव बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी का अंजु देवी के साथ लगभग 5-6 वर्षों से प्रेम संबंध था। बाद में आरोपी की पत्नी को इस संबंध की जानकारी हो गई, जिसके बाद अंजु देवी ने उससे मिलना-जुलना बंद कर दिया। इसी कारण दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। 01 मार्च 2026 को बीआईटी मेसरा रेलवे पटरी के पास दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें आरोपी ने अंजु देवी को धमकी दी थी कि यदि वह किसी और से संबंध रखेंगी तो वह उनके बेटे को जान से मार देगा। इसके बाद 02 मार्च 2026 को आरोपी ने बयांगडीह स्थित नावामसकल स्कूल से अंजु देवी के पुत्र रमेश हजाम का अपहरण कर मोटरसाइकिल (संख्या JH01DK-7135) से मुँड्याडीह जंगल ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने मृतक के चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नामकुम थाना हाजत में रखा गया था। रात्रि में सुरक्षा ड्यूटी पर सशस्त्र अवर निरीक्षक प्रभुवन कुमार सहित दो हवलदार, एक आरक्षी और दो चौकीदार तैनात थे। इसी दौरान आरोपी ने कंबल के धागे का उपयोग कर थाना हाजत के लोहे के गेट में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के संबंध में नामकुम थाना यूडी कांड संख्या-06/26 (05.03.2026) दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बुण्डु, रामकुमार वर्मा को सौंपी गई है। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक राँची ने सुरक्षा में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों — सशस्त्र अवर निरीक्षक प्रभुवन कुमार, हवलदार सुधीर शर्मा, हवलदार गयानंद, आरक्षी मुकेश ठाकुर तथा आरक्षी राहुल प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही चौकीदार रेहान अंसारी और महानंद टोप्पो के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उपायुक्त राँची को अनुशंसा भेजी गई है। इसके अलावा नामकुम थाना प्रभारी के निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।