Advertisements
Spread the love

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका द्वारा मानसिक रोग एवं बौद्धिक दिव्यांगता से ग्रसित व्यक्तियों के अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Advertisements
Advertisements

दुमका संवाददाता- मौसम गुप्ता

दुमका : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका सुधांशु कुमार शशि के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका के तत्वावधान में मानसिक रोग एवं बौद्धिक दिव्यांगता से ग्रसित व्यक्तियों के अधिकारों, उनके संरक्षण, पुनर्वास तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में नेत्रहीन आवासीय विद्यालय, श्रीअमड़ा, दुमका में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मानसिक रोग एवं बौद्धिक दिव्यांगता से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा प्रभावित व्यक्तियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में प्राधिकार के सचिव, विवेक कुमार ने बताया कि मानसिक रोग एवं बौद्धिक दिव्यांगता से ग्रसित व्यक्तियों को भी संविधान द्वारा समान अधिकार प्राप्त हैं। उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, गरिमापूर्ण जीवन तथा समाज में समान अवसर प्राप्त करने का अधिकार है। ऐसे व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव करना अनुचित एवं कानून के विरुद्ध है।
प्रतिभागियों को मानसिक रोगों के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, समय पर उपचार, नियमित परामर्श, पुनर्वास सेवाओं तथा परिवार और समाज की सकारात्मक भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेना चाहिए।
कार्यक्रम में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016, मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम, 2017 तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई। यह भी बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर, दिव्यांग एवं मानसिक रोग से ग्रसित व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को हेल्पलाइन सेवाओं, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा समाज में सम्मानजनक एवं समावेशी वातावरण बनाने के लिए सहयोग करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा सभी से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में अभिभावक एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।