
कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री का बड़ा एक्शन, जमशेदपुर के एसएसपी और सरायकेला-खरसावां की एसपी तत्काल हटाए गए


रिपोर्टर – जगबंधु महतो
अपराध पर ढिलाई नहीं होगी बर्दाश्त : सीएम हेमंत सोरेन ने अफसरों पर की सख्त कार्रवाई, कैंप कर निगरानी के निर्देश
रांची/जमशेदपुर : झारखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है। मुख्यमंत्री ने दोनों अधिकारियों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल के माध्यम से इस निर्णय की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया जा रहा है। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्देश भी जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने चाईबासा के आयुक्त और रांची के एडीजी को संबंधित क्षेत्रों में लगातार कैंप कर प्रतिदिन कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। वहीं, डीआईजी को जमशेदपुर में रहकर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई की लगातार निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हेमंत सोरेन ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार के लिए जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दो टूक कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या जवाबदेही से बचने की कोशिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के इस सख्त फैसले को राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के कड़े रुख और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पुलिस महकमे में भी स्पष्ट संदेश गया है कि अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

