Advertisements
Spread the love

बहरागोड़ा: 7 अक्टूबर को निकलेगी भाजपा की ‘सेवा ज्योति यात्रा’, गांव-गांव पहुंचेंगे कार्यकर्ता

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर केंद्र सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालेगी. इसे लेकर गुरुवार को बहरागोड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. बैठक में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. डॉ. गोस्वामी ने बताया कि 7 अक्टूबर को भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने गांवों में मशाल लेकर केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे. इसके बाद गांवों से प्रखंड मुख्यालय तक मशाल यात्रा निकाली जाएगी और वहां से कार्यकर्ता जमशेदपुर रवाना होंगे. जमशेदपुर में जिलेभर के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं लाभार्थियों की सभा आयोजित होगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके तहत विद्यालयों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी.

25 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार का दावा

डॉ. गोस्वामी ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से देश के 25 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है. उन्होंने कहा कि करीब 58 करोड़ लोगों के जनधन खाते खोले गए हैं, जबकि चार करोड़ गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है. उन्होंने बताया कि 80 करोड़ लोगों को पांच किलोग्राम अनाज मुफ्त दिया जा रहा है तथा आयुष्मान भारत योजना में करीब 60 करोड़ लोग सूचीबद्ध हैं, जिन्हें पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलती है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रही है. बैठक की अध्यक्षता भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भक्तिश्री पंडा ने की. बैठक को पूर्व जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव, भाजपा के वरिष्ठ नेता रंजीत कुमार बाला, सुमन कल्याण मंडल, श्रीबत्स घोष और कृष्णा पाल ने भी संबोधित किया.

इस मौके पर उत्पल पैड़ा, अपूर्व सुंदर दास, मिहिर दलाई, मंजुला पलाई, मामनी दास, प्रीतिका महापात्र, डोली मुर्मू, निर्मल जेना, जगन्नाथ दास, शांति गिरि, कमलेश साव, प्रीतम मुर्मू, पिकलु घोष, हराप्रसाद राऊत, प्रवोत साहू, अभिजीत पांडा, जनता महाकुड़, भवरंजन महतो, दीपु साव, नारायण मार्डी और राजू महतो समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.

You missed