
बहरागोड़ा पुलिस ने रात्रि में अवैध बालू लदे हाईवा को पकड़ा, उड़ीसा सीमा से जमशेदपुर ले जाया जा रहा था बालू
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह

झरिया चौक से रात 1 बजे पकड़ी गई हाईवा, चालक के पास नहीं थे वैध कागजात, न्यायालय में पेश किया गया नामजद अभियुक्त
अवैध बालू परिवहन पर एक बार फिर बहरागोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात झरिया चौक से एक हाईवा वाहन को जप्त किया है। यह हाईवा ओड़िशा की जामसोला सीमा से बालू लादकर जमशेदपुर की ओर जा रहा था। वाहन चालक किसी भी प्रकार का वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद इसे अवैध मानते हुए जब्त कर लिया गया।
इस संबंध में बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 48/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने नामजद अभियुक्त मृत्युंजय कर्मकार पिता वन बिहारी कर्मकार, निवासी छोटा कुर्सी, थाना गालूडीह को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है।

थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि यह हाईवा ओड़िशा के जामसोला क्षेत्र से बालू लादकर झारखंड की सीमा में दाखिल हुआ था और जमशेदपुर की ओर बढ़ रहा था। रात्रि 1:00 बजे गश्ती के दौरान झरिया चौक के पास इसे रोका गया। जांच में चालक किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया, जिसके चलते यह सिद्ध हुआ कि बालू का परिवहन अवैध रूप से किया जा रहा था।
स्थानीय सूत्रों की मानें तो जामसोला सीमा से प्रतिदिन करीब 20 हाईवा वाहनों के माध्यम से बालू लादकर बहरागोड़ा थाना क्षेत्र होते हुए पश्चिम बंगाल (खासकर कोलकाता) एवं जमशेदपुर की ओर भेजा जा रहा है। इसमें 12 चक्का, 14 चक्का जैसे बड़े ओवरलोडेड ट्रक भी शामिल हैं।

