
बाबा मुक्तेश्वर धाम हरिणा का होगा कायाकल्प

92 लाख की लागत से होगा सौंदर्यकरण, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास
जमशेदपुर/पोटका । पोटका प्रखंड अंतर्गत हरिणा स्थित प्रसिद्ध बाबा मुक्तेश्वर धाम का अब कायाकल्प होगा। पर्यटन, कला, संस्कृति एवं खेलकूद विभाग से स्वीकृत 92 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यकरण एवं निर्माण कार्य का शिलान्यास शनिवार को विधायक संजीव सरदार ने पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर किया। इस योजना के तहत धाम परिसर स्थित शिव सागर तालाब का सौंदर्यकरण किया जाएगा। तालाब के चारों ओर स्नान घाट, चेयर-कुर्सी, पेवर्स ब्लॉक, चेंजिंग रूम समेत कई सुविधाओं का निर्माण होगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। विधायक सरदार ने कहा “मुक्तेश्वर धाम पोटका क्षेत्र का ऐतिहासिक एवं आस्था का केंद्र है। यहां हर साल हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। हमारे प्रयास से इस धाम का कायाकल्प हो रहा है, जिससे यहां आने वाले भक्तों और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधा मिलेगी। हमारी प्राथमिकता है कि क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों का विकास हो।”
उन्होंने बताया कि उनकी अनुशंसा पर धाम परिसर में बायो डायवर्सिटी पार्क के निर्माण की स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसके पूर्ण होने पर यह क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व का अद्वितीय संगम बनेगा। तालाब के चारों ओर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी, श्रद्धालुओं के लिए मीना बाजार और पार्किंग एरिया की विशेष व्यवस्था भी होगी । शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जसवंत महतो, पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्रावती महतो, हीरामणि मुर्मू, आंदोलनकारी सुनील महतो, बबलू चौधरी, मुखिया सरस्वती मुर्मू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, ग्राम प्रधान सह पुजारी ब्रजांकन दंडपाट समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

