Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: शिलान्यास पट्ट पर विधायक के नीचे सांसद बिद्युत बरण महतो का नाम अंकित पाकर भाजपाइयों ने जताया कड़ा विरोध

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा निर्मित बेंद लैंप्स लिमिटेड 100 एम.टी. क्षमता वाले गोदाम के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थापित शिलापट्ट में जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो का नाम नीचे अंकित किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी की नेत्री चन्दना मुर्मू ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई है. उन्होंने इसे न केवल प्रोटोकॉल की अनदेखी बताया, बल्कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा के साथ खिलवाड़ करार दिया.

Advertisements

इस दौरान भाजपा नेत्री चन्दना मुर्मू ने अपने बयान में कहा कि सांसद लोकसभा क्षेत्र के सर्वोच्च निर्वाचित जनप्रतिनिधि होते हैं, और शिलान्यास जैसे सरकारी कार्यक्रमों में उनका नाम सम्मानजनक स्थान पर प्रमुखता से अंकित होना चाहिए. ऐसे में शिलापट्ट पर उनका नाम नीचे दर्शाया जाना स्पष्ट रूप से पद की गरिमा के विरुद्ध है और यह प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर उदाहरण है.

उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार की त्रुटि न केवल जनप्रतिनिधियों का अपमान है, बल्कि इससे आम जनता में भी गलत संदेश जाता है. यह केवल एक नाम की स्थिति का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं और प्रोटोकॉल के पालन का प्रश्न है.

चन्दना मुर्मू ने संबंधित विभाग, कार्यकारी एजेंसी एवं जिला प्रशासन से इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही उन्होंने शिलापट्ट में तत्काल संशोधन कर सांसद का नाम उचित एवं सम्मानजनक स्थान पर अंकित करने की मांग भी उठाई है. उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाने चाहिए और सभी सरकारी आयोजनों में प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए.

भाजपा नेत्री श्रीमति मुर्मू ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा और सम्मान की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी.

You missed