Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: भाजपा समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी चन्दना मुर्मू के समर्थन में भाजपाइयों ने निकाली ऐतिहासिक पदयात्रा

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह

Advertisements

चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार को जनसमर्थन का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला. इस दौरान सांसद बिद्युत बरण महतो के नेतृत्व में नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी चन्दना मुर्मू के समर्थन में एक विशाल एवं ऐतिहासिक पदयात्रा निकाली गई. इस पदयात्रा ने राजनीतिक परिदृश्य के साथ-साथ आमजन के बीच भी उत्साह और ऊर्जा का संचार किया.

नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों से कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में एकत्रित होने लगे थे. हाथों में झंडे और बैनर लिए युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग पूरे उत्साह के साथ पदयात्रा में शामिल लोगों ने प्रत्याशी चन्दना मुर्मू जिंदाबाद एवं विकास की नई दिशा जैसे नारों से नगर क्षेत्र गूंजायमान हो उठा.

पदयात्रा चुनाव कार्यालय से प्रारंभ होकर नया बाजार, बिरसा चौक, गौशाला, डाक बंगला, स्टेशन रोड, शिल्पी महल, मिस्त्रीपाड़ा, पुराना बाजार होते हुए पुनः बिरसा चौक से चुनाव कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई. मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने फूलमालाओं और तालियों के साथ सांसद बिद्युत बरण महतो का स्वागत किया.

इस दौरान सांसद ने जनता से सीधे संवाद करते हुए कहा कि चन्दना मुर्मू एक सशक्त एवं जमीनी नेतृत्वकर्ता हैं, जो चाकुलिया के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं. संबोधन में सांसद विद्युत महतो ने कहा कि चाकुलिया को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं रोजगार के क्षेत्र में नई गति देने की आवश्यकता है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चन्दना मुर्मू के नेतृत्व में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर जनसंपर्क करें तथा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं.

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि चाकुलिया नगर पंचायत में सुशासन, पारदर्शिता और विकास को मजबूत करने के लिए अनुभवी और प्रतिबद्ध नेतृत्व की आवश्यकता है. कहा कि चन्दना मुर्मू ने पूर्व में सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनता का विश्वास अर्जित किया है और नगर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण रखती हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए चुनाव में ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया.

 

इस अवसर पर चन्दना मुर्मू ने भी जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह समर्थन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि चाकुलिया की जनता की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतीक है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने हेतु पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी. साथ ही उन्होंने महिलाओं और युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया.

इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता अभय सिंह, लखन मांडी, डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन, मनोज प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष पार्थ महतो, साधन मल्लिक, संजय दास, मनोरंजन महतो, चंदन महतो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे.

You missed