Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: मानस चतु:शती स्वर्ण जयंती महोत्सव में राम-सीता विवाह प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित मानस नगर (स्टील फैक्ट्री परिसर) में आयोजित मानस चतु:शती स्वर्ण जयंती महोत्सव के तहत सात दिवसीय श्रीराम कथा के तीसरे दिन बुधवार को भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया. कथावाचक सीताराम शास्त्री महाराज ने बड़े ही मनमोहक अंदाज में राम-सीता विवाह की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया.

कथावाचक ने बताया कि मिथिला में भगवान श्रीराम और माता सीता की पहली मुलाकात पुष्प वाटिका में हुई थी. माता सीता ने मन ही मन श्रीराम को अपना वर स्वीकार कर माता गौरी से उन्हें पति रूप में पाने का आशीर्वाद मांगा था. इसके बाद राजा जनक ने सीता स्वयंवर में शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाने की शर्त रखी. स्वयंवर में उपस्थित कई राजा धनुष उठाने में असफल रहे. अंत में गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर भगवान श्रीराम ने शिव धनुष उठाया और जैसे ही उस पर प्रत्यंचा चढ़ाने लगे, धनुष टूट गया. इसके साथ ही माता सीता ने श्रीराम के गले में वरमाला डालकर उन्हें अपना जीवनसाथी स्वीकार किया.

उन्होंने आगे बताया कि स्वयंवर के बाद राजा दशरथ और माता कौशल्या की अनुमति से अयोध्या से बारात मिथिला पहुंची. विवाह मंडप में भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह संपन्न हुआ. इसी शुभ अवसर पर भरत का विवाह मांडवी, लक्ष्मण का उर्मिला तथा शत्रुघ्न का विवाह श्रुतिकीर्ति के साथ संपन्न हुआ.

इस दौरान कथावाचक ने विवाह महोत्सव के प्रसंग को संगीतमय और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया. उन्होंने मिथिला की पारंपरिक विवाह गीत ‘सीता-राम विवाह में दूल्हा बने हैं नंदलाल, जोड़ी का जवाब नहीं…’ की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. पूरे कथा स्थल का माहौल भक्तिमय बना रहा. वहीं, इस कार्यक्रम के पूर्व स्थानीय कलाकारों द्वारा सुंदरकाण्ड पाठ का भी आयोजन किया गया.

You missed