Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: प्लास्टिक शेड निर्माण में लूट का खेल, दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रखंड कार्यालय में धरना प्रदर्शन : चन्दना मुर्मू

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र के कोई पंचायतों में बनाए जा रहे प्लास्टिक सेग्रीगेशन शेड के निर्माण कार्य को लेकर अब बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद की पूर्व प्रत्याशी चन्दना मुर्मू ने इस पूरे मामले को सरकारी योजनाओं में खुलेआम भ्रष्टाचार और जनता के पैसे की लूट करार दिया है.

Advertisements

चन्दना मुर्मू ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्षेत्र की पंचायतों में जिस प्लास्टिक शेड का निर्माण कराया जा रहा है, उसकी वास्तविक लागत 40 से 50 हजार रुपये से अधिक नहीं है, लेकिन विभागीय कागजों में उसी कार्य का बिल लगभग 2.20 लाख रुपये दिखाया जा रहा है. यह साफ तौर पर सरकारी धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है.

उन्होंने कहा कि कई जगहों पर निर्माण कार्य बेहद घटिया तरीके से किया गया है. कुछ लोहे के खंभे, टीन की चादर और मामूली सीमेंट का उपयोग कर काम पूरा दिखा दिया गया, जबकि सरकारी राशि लाखों में निकासी की जा रही है। इतना ही नहीं, कई स्थानों पर सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया, जिससे पूरे मामले को छुपाने की कोशिश साफ दिखाई देती है.

चन्दना मुर्मू ने आरोप लगाया कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई बड़े अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका सामने आ सकती है. उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से चलने वाली योजनाओं में इस तरह की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे क्षेत्र की जनता को साथ लेकर चाकुलिया प्रखंड कार्यालय में धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू करेंगी.