Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत प्रभात फेरी निकालकर नगर पंचायत ने चलाया सफाई अभियान

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चाकुलिया नगर पंचायत प्रशासन की ओर से गुरुवार को स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान स्वच्छता जागरूकता वाहन के साथ प्रभात फेरी निकाली गई. इसके अलावा नगर पंचायत कार्यालय से सुभाष चौक तक सामूहिक सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया.

प्रभात फेरी के दौरान लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की गई. स्वच्छता से संबंधित संदेशों के माध्यम से नागरिकों को अपने घर, गली-मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया.

इस अवसर पर नगर पंचायत प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण के लिए केवल प्रशासन का प्रयास पर्याप्त नहीं है. इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. लोगों से स्वच्छता अभियान को नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई.

इस मौके पर नगर अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बनरा, नगर प्रबंधक अनंत कुमार खलखो, वार्ड पार्षद संजीव मंडी, मौसमी मल्लिक, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर रामस्वरूप यादव समेत नगर पंचायत के सभी कर्मी उपस्थित थे.

You missed